कोरबा जिला पंचायत CEO एक्शन मोड में: निर्माण कार्यों में लापरवाही पर हड़कंप, SDO और इंजीनियर समेत सरपंच-सचिव को नोटिस,
कोरबा। जिला पंचायत कोरबा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) दिनेश कुमार नाग के तेवर इन दिनों काफी सख्त नजर आ रहे हैं। शुक्रवार को जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा के औचक निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों में भारी लापरवाही और गुणवत्ता की कमी पाए जाने पर उन्होंने कड़ा रुख अख्तियार किया है। CEO ने मौके पर ही SDO, सब-इंजीनियर, सचिव और सरपंच को कारण बताओ नोटिस जारी करने का फरमान सुना दिया, जिससे प्रशासनिक गलियारे में हड़कंप मच गया है।
घटिया निर्माण पर बरसे CEO: मची खलबली,,
निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत कोरबी और झिनपुरी में बन रहे आंगनबाड़ी भवनों की हालत देख सीईओ ने गहरी नाराजगी जताई। तकनीकी मापदंडों की अनदेखी और गुणवत्ताहीन कार्य पाए जाने पर उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी धन का दुरुपयोग और विकास कार्यों में कोताही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कार्यवाही की जद में आए अधिकारी व जनप्रतिनिधि:
* SDO (RES) एवं संबंधित उप अभियंता (सब-इंजीनियर): तकनीकी पर्यवेक्षण में कमी के लिए।
* ग्राम सचिव एवं सरपंच: निर्माण एजेंसी के रूप में जिम्मेदारी का निर्वहन न करने पर।
* ठेकेदार: कोरबी में महतारी सदन निर्माण में भारी लापरवाही बरतने के कारण नोटिस।
31 मार्च तक ‘बाला मॉडल’ पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश,,
सीईओ श्री नाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि सभी आंगनबाड़ी भवनों को 31 मार्च 2026 तक अनिवार्य रूप से बाला (BALA) मॉडल के तहत पूर्ण किया जाए। उन्होंने जोर दिया कि:
* निर्माण कार्य स्वीकृत डिजाइन और प्राक्कलन (Estimate) के अनुरूप हों।
* पारदर्शिता और गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए।
* निर्धारित मियाद के भीतर काम पूरा न होने पर और भी सख्त कार्यवाही की जाएगी।
स्कूल और पीडीएस दुकानों का भी लिया जायजा
क्षेत्र भ्रमण के दौरान सीईओ सिर्फ निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं रहे, बल्कि उन्होंने जनसुविधाओं का भी सूक्ष्म परीक्षण किया:
* तानाखार: यहाँ आंगनबाड़ी निर्माण स्थल पर उप अभियंता के नदारद रहने पर तत्काल नोटिस जारी करने को कहा गया। साथ ही शासकीय स्कूल में मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता और शिक्षकों की उपस्थिति जांची।
* केंदई: सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) दुकान का निरीक्षण कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। राशन वितरण में गड़बड़ी न हो, इसके लिए फूड ऑफिसर और इंस्पेक्टर को समय पर राशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इन पंचायतों का हुआ सघन दौरा
सीईओ ने डीएमएफ (DMF) एवं अभिसरण मद से चल रहे कार्यों को देखने के लिए तानाखार, गुरसिया, बंजारी, परला, केंदई, मोरगा, कोरबी एवं झिनपुरी का मैदानी दौरा किया। संतोषजनक प्रगति नहीं मिलने पर सभी जिम्मेदार पक्षों को कारण बताओ सूचना पत्र थमा दिया गया है।
निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे अधिकारी:
इस कार्रवाई के दौरान कार्यपालन अभियंता (RES) अशोक जोगी, जनपद सीईओ जयप्रकाश डडसेना, मनरेगा कार्यक्रम अधिकारी दिलीप मेहता सहित तकनीकी अमला और ग्राम स्तर के कर्मचारी उपस्थित थे।

जन जन की आवाज़













